Friday 10 April 2015

फ्रांस से 36 रफाल विमान खरीदेगा भारतः नरेंद्र मोदी | सरकार ने रफाल डील की तो कोर्ट में चला जाऊंगाः सुब्रमण्यन स्वामी

36 Rafale: फ्रांस से 36 रफाल विमान खरीदेगा भारतः नरेंद्र मोदी
सरकार ने रफाल डील की तो कोर्ट में चला जाऊंगाः सुब्रमण्यन स्वामी

 Apr 11, 2015
फ्रांस से 36 रफाल विमान खरीदेगा भारतः नरेंद्र मोदी
पैरिस- भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांसो ओलांद ने शुक्रवार को 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसमें रेलवे, स्पेस रिसर्च, परमाणु ऊर्जा, विज्ञान और तकनीकी और मरीन टेक्नॉलजी के क्षेत्र में समझौते किए गए। इस दौरान भारत के रफाल फाइटर प्लेन खरीदने पर भी मुहर लग गई। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम घोषणाएं भी कीं।

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि भारत के भरोसेमंद मित्रों में से फ्रांस से एक है। उन्होंने कहा, 'मेरी और ओलांद के बीच अच्छी बात हुई।' मोदी ने रफाल विमानों पर हुए समझौते की जानकारी दी और कहा कि फ्रांस ने भारत को जल्द से जल्द 36 रफाल विमान उपलब्ध कराने का वादा किया है

मोदी ने कहा कि फ्रांस अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत के साथ रहा है। उन्होंने साथ में यह भी कहा कि फ्रांस रक्षा के क्षेत्र में भारत का बड़ा सप्लायर है। उन्होंने बताया कि जैतापुर में 6 परमाणु प्लांट लगाने पर भी समझौता किया गया है।

इससे पहले ओलांद ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पीएम मोदी का यूरोप दौरे के लिए फ्रांस को पहला देश चुनना उनके लिए काफी सम्मान की बात है। उन्होंने जनवरी में फ्रांस पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत के दिए समर्थन और सहयोग के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि वह मोदी के मेक इन इंडिया की सोच के साथ हैं। ओलांद ने कहा, वह चाहते हैं कि भारत संयुक्त राष्ट्र परिषद का स्थाई सदस्य बने
फ्रांस ने भरोसा दिलाया है कि वह भारत के नागरिकों को 48 घंटों के भीतर टूरिस्ट वीजा देगा । दोनों देशों के बीच विज्ञान और तकनीक के विकास के लिए और मरीन टेक्नॉलजी इंस्टिट्यूट पर भी करार हुआ है। नागपुर और पुडुचेरी में फ्रांस की मदद से तीन स्मार्ट सिटी बनाई जाएंगी। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भी भारत और फ्रांस के बीच समझौता हुआ है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग और बायॉटेक इंस्टिट्यूट के लिए भी समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा रेल को आधुनिक बनाने के लिए भी फ्रांस से समझौता किया गया है।

मोदी ने कहा कि दोनों देशों के हित एक जैसे हैं। मोदी ने कहा कि पढ़ाई के बाद प्रफेशनल ट्रेनिंग के लिए छात्र फ्रांस आ सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने खुफिया जानकारी साझा करने की बात कही और उम्मीद जताई कि फ्रांस की कंपनियां भारत में निवेश करेंगी। राष्ट्रपति ओलांद ने भारत में 2 बिलियन यूरो के निवेश करने की बात की है।


सरकार ने रफाल डील की तो कोर्ट में चला जाऊंगाः सुब्रमण्यन स्वामी


रफाल डील हुई तो कोर्ट में जाऊंगाः सुब्रमण्यन स्वामी

बीजेपी नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने केंद्र सरकार को धमकी दी है कि अगर रफाल जेट की डील साइन की गई तो वह कोर्ट चले जाएंगे । स्वामी ने फ्रांसीसी कंपनी दसौ के फाइटर प्लेन रफाल और इस डील में कई कमियां गिनाई हैं।

बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के मेंबर स्वामी ने पीएम मोदी से अपील की है कि वह रफाल डील पर साइन न करें। यह डील यूपीए के शासनकाल में हुई थी। स्वामी का कहना है कि इस विमान का प्रदर्शन लीबिया और मिस्र में सबसे खराब रहा था।
पीएम मोदी इस समय फ्रांस में हैं और वहां के उद्योगपतियों और शीर्ष नेताओं से मुलाकातें कर रहे हैं। उनके चार दिवसीय फ्रांस दौरे के दौरान रफाल विमान पर डील होने की संभावना है।

स्वामी ने कहा है कि रफाल समझौते में दो चीजें हैं, जिनके चलते बीजेपी सरकार को शर्मिंदा होना पड़ेगा। पहली यह कि रफाल विमान ईंधन इस्तेमाल के मामले में उपयोगी नहीं है। दूसरी बात यह है कि यह प्रदर्शन के मामले में भी कमजोर है। इसी वजह से दुनिया का कोई भी देश इसे खरीदने को तैयार नहीं है।
स्वामी का ट्वीट
स्वामी का कहना है कि दुनिया के कई देशों ने रफाल के समझौते रद्द कर दिए हैं। स्वामी का दावा है, 'कोई देश दसौ के साथ समझौता नहीं करेगा तो कंपनी दिवालिया हो जाएगी और हम फ्रांस की तारीफ पाने के लिए उसे उबारने की कोशिश कर रहे हैं। इससे बेहतर तो ये होगा कि हम दसौ को ही खरीद लें। यह ज्यादा फायदेमंद रहेगा।'

2012 में सबसे कम बोली लगाने के बावजूद पांच कंपनियों में से दसौ के साथ समझौता कर लिया गया था। पहले इस समझौते के 10 अरब डॉलर में होने की संभावना थी, जो अब 20 अरब डॉलर से ऊपर पहुंच गई है। 



No comments:

Post a Comment