Thursday 20 March 2014

'जो (नरेंद्र मोदी) अपने गुरू (वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी) का ना हुआ, वह देश का क्या होगा' :कपिल सिब्बल


'जो (नरेंद्र मोदी) अपने गुरू (वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी) का ना हुआ, वह देश का क्या होगा' :कपिल सिब्बल

Fri, 21 Mar 2014 11:29 AM (IST)

 
मोदी पर सिब्बल का वार, 'जो अपने गुरू का ना हुआ, वह देश का क्या होगा'
 
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर अपने ही गुरू को दगा देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिन्हें नरेंद्र मोदी अपना गुरू बताते थे, उन्हें ही अब वह नजरअंदाज कर चुके हैं। उन्होंने अपने इस बयान के जरिए एक ओर जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी पर तंज कसने की कोशिश की है वहीं मोदी को भी आड़े हाथों लिया है। यह बातें अपने चांदनी चौक में नामांकन करने के बाद कही।
गुरुवार को सिब्बल ने चांदनी चौक सीट से अपना नामांकन भरा। इस मौके पर काफी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। इस सीट पर उनका मुकाबला आप के उम्मीदवार आशुतोष और भाजपा नेता और दिल्ली की भाजपा इकाई के अध्यक्ष डाक्टर हर्षवर्धन से होगा। आप और भाजपा उम्मीदवार शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

कपिल सिब्बल चांदनी चौक सीट से तीसरी बार मैदान में है। इस बार इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला दिलचस्प रहने की उम्मीद है। लगातार दो बार इस सीट से जीत दर्ज करने वाले सिब्बल इस बार भी अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिखाई दे रहे हैं। नामांकन भरने के बाद उन्होंने देश में मोदी की लहर होने संबंधी सवाल को पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद यह बात पूरी तरह से स्पष्ट भी हो जाएगी कि देश में मोदी लहर जैसी कोई चीज नहीं थी। 


पटेल कहते थे, आरएसएस जहरीला संगठन : राहुल



 

धर्मशाला: 'आज जो नेता सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा बनाने की बात कर रहे हैं, वे शायद नहीं जानते कि सरदार पटेल ने ही आरएसएस को जहरीली संस्था बताते हुए कहा था कि इस पर प्रतिबंध से ही देश को बचाया जा सकता है।..'
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी यह बात गुरुवार को धर्मशाला में फिर दोहराई। वह यहां के पुलिस मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। हालांकि उन्होंने राजग पर खुल कर हमला बोला किंतु अनेक ऐसी बातें ही कहीं जिन्हें वह अन्य जनसभाओं में कहते रहे हैं। बकौल राहुल, 'भाजपा को हिदूं धर्म की परिभाषा तक पता नहीं है। हिंदुत्व में विरोध ,अभिमान तथा वैरभाव का कोई स्थान नहीं है लेकिन भाजपा हमेशा ही वैरभाव की राजनीति करती रही है।'
राहुल ने कहा कि जब प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कंप्यूटरीकरण व सेलफोन की बात की थी तो भाजपा ने इसका कड़ा विरोध किया था, लेकिन आज वही लोग इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने पूर्व की राजग सरकार से तीन गुना अधिक सड़कें केवल पांच वर्षो में बनाई हैं। भाजपा के भ्रष्टाचार के मुद्दे का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने सूचना का अधिकार देकर हर व्यक्ति को भ्रष्टाचार से लड़ने का एक अधिकार दिया है। इससे व्यवस्था पारदर्शी हुई है। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा में छह बिल लाए गए और विपक्ष ने इन्हें रोककर केवल अपने चुनावी हितों को ही साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 15 करोड़ गरीबों को रोजगार, भोजन व सत्तार हजार किसानों को लाभ दिलवाने के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट उनके खेतों के आस-पास खोले गए है। वहीं 70 करोड़ लोगों को मिडल क्लास की श्रेणी में लाने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों का विस्तार किया गया है। उन्होंने दिल्ली-मुंबई-चेन्नई में विशेष निर्माण गलियारे का जिक्र भी किया। उन्होंने विपक्ष पर महिला सशक्तिकरण विरोधी होने का आरोप लगाते हुए वादा किया कि विधानसभा, लोकसभा व कांग्रेस के संगठन में महिलाओं व पंचायती राज में युवाओं को पूरा प्रतिनिधित्व देंगे। गुरुवार की सुबह कांगड़ा पहुंचे राहुल गांधी इससे पूर्व राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में पूर्व सैनिकों के साथ चौपाल में भी शामिल हुए और 'वन रैंक वन पेंशन' का श्रेय लिया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस समिति की बैठक में भी शामिल हुए।

No comments:

Post a Comment