Saturday 8 March 2014

मलेशियाई विमान लापता, रहस्य अब भी बरकरार,...षडयंत्र की आशंका ,// मलेशियाई विमान में सवार 5 भारतीयों की हुई पहचान,

मलेशियाई विमान लापता, रहस्य अब भी बरकरार,...षडयंत्र की आशंका मलेशियाई विमान में सवार 5 भारतीयों की हुई पहचान,
नई दिल्ली/कुआलालंपुर, एजेंसी
09-03-14 01:15 AM



दक्षिण चीन सागर में संभावित रूप से दुर्घटनाग्रस्त हुये मलेशिया एयरलाइंस के विमान में सवार पांच भारतीयों की शनिवार को पहचान हो गयी। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक विमान में सवार 239 लोगों में से पांच भारतीय थे।

इन पांच भारतीयों में तीन महिलायें और दो पुरुष थे। 

महिलाओं की पहचान चेतना कोल्कर (55), चंद्रिका शर्मा (51) और क्रांति शिरसत (44) के रूप में 
तथा 
पुरुष यात्रियों की पहचान स्वानंद कोल्कर (23) और विनोद कोल्क (59) के रूप में हुई है। 

मलेशिया, चीन, सिंगापुर और वियतनाम के मुताबिक मलेशिया एयरलांइस का यह विमान सुबह दक्षिण चीन सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। विमान में पांच भारतीयों समेत 227 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य सवार थे। विमान मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से चीन की राजधानी बीजिंग जा रहा था। फिलहाल इस विमान की तलाश जारी है। कई देश संयुक्त तलाशी अभियान चला रहे हैं, लेकिन अभी तक विमान का कोई अता-पता नहीं मिला है।


मलेशियाई विमान लापता, रहस्य अब भी बरकरार, षडयंत्र की आशंका 
 
मलेशिया एयरलाइंस के लापता विमान में फर्जी पासपार्ट पर यात्रा करने वाले दो लोगों की जानकारी मिलते ही इस घटना की जांच में नया मोड़ आ गया है। 
       
अमेरिका ने इसी कोण से हादसे की जांच शुरू कर दी है। दरअसल जब एयरलाइंस ने विमान में सवार लोगों के देशों को यात्रियों की सूची भेजी, तो उसमें ऑस्ट्रिया के 61 वर्षीय क्रिस्टियन कोजेल और इटली के लुइगी मारलादी का नाम भी शामिल था, लेकिन ऑस्ट्रिया और इटली ने बताया कि सूची में शामिल उसके नागरिक अपने-अपने घर पर सुरक्षित हैं और वे विमान में सवार नहीं थे। 
          
ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्रालय ने बताया कि उसके दूतावास को यात्रियों की सूची मिली, लेकिन जब उसने जांच की तो पाया कि जिस नागरिक के बारे में इस सूची में बताया गया है वह अपने घर पर सुरक्षित है और उसका पासपोर्ट दो साल पहले थाईलैंड में चोरी हो गया था। उसने पुलिस में इस संबंध में रिपोर्ट भी दर्ज करायी थी।
     
इसी तरह इटली ने भी बताया कि लापता विमान में उसका कोई नागरिक सवार नहीं था। इटली के यात्री की मां रेनाट्टा लुसी ने बताया कि उनके बेटे का पासपोर्ट पिछले साल थाईलैंड में चोरी हो गया था। उसका पासपोर्ट गत वर्ष अगस्त में थाईलैंड में गाड़ियों को किराये पर देने वाली एजेंसी से चोरी हुआ था। यह जानकारी मिलते ही अमेरिका ने एक नये कोण से हादसे की जांच शुरू कर दी।
         
मलेशिया के परिवहन मंत्री हिशामुद्दीन हुसैन ने भी बताया कि विमान में चार संदिग्ध यात्रियों के सफर करने की जानकारी मिली है, लेकिन फिलहाल इस संबंध में जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट रूप से कहा जा सकता है।
         
उन्होंने बताया कि अमेरिका का खुफिया विभाग एफबीआई जांच में मदद कर रहा है। अमेरिका खुफिया विभाग आतंकवादी षडयंत्र के कोण से अपनी जांच कर रहा है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक उन्हें फिलहाल इस घटना के पीछे आतंकवादियों का हाथ होने के पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन अभी जांच जारी है। विमान के लापता होने के कारण पर अब भी रहस्य बना हुआ है। जिस समय विमान का संपर्क टूटा, उस समय मौसम भी ठीक था, इसीलिये खराब मौसम के कारण दुर्घटना होने की आशंका बहुत कम है। संपर्क टूटने के बाद विमान जिस तरह लापता हुआ, उससे सभी देश भौंचक्के हैं, क्योंकि अमूमन जब भी इस तरह की घटना होती है, तो विमान का मलबा जल्द ही मिल जाता है।
       
मलेशिया एयरलाइंस के मुताबिक उड़ान भरने के एक घंटे बाद ही विमान का संपर्क टूट गया था। विमान से अंतिम संपर्क मलेशिया शहर कोटा भरू के पूर्वी तट के पास तक था। तलाशी अभियान में जुटे वियतनाम के नौसैनिकों को समुद्र में तेलकी परतें दिखीं थीं, लेकिन जब वे वहां गये तो उन्हें मलबा नहीं नजर आया। 
       
मलेशिया एयरलाइंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अहमद जौहरी याहया ने बताया कि विमान में 14 देशों के नागरिक सवार थे जिनमें भारत के पांच, चीन के 152, मलेशिया के 38, इंडोनेशिया के 12, ऑस्ट्रेलिया के सात, फ्रांस के तीन, अमेरिका के तीन, न्यूजीलैंड, यूक्रेन और कनाडा के दो-दो तथा इटली, ताइवान, नीदरलैंड और ऑस्ट्रिया के एक-एक यात्री थे।

No comments:

Post a Comment