Monday 19 August 2013

न्यूयॉर्क : 'इंडिया डे' परेड में छाया अन्ना और विद्या का जलवा

'इंडिया डे' परेड में छाया अन्ना और विद्या का जलवा

  Mon, 19 Aug 2013 06:14 PM (IST)
Anna Hazare
'इंडिया डे' परेड में छाया अन्ना और विद्या का जलवा

न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क में भारत के 67वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए आयोजित 'इंडिया डे परेड' का सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे और बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन ने नेतृत्व किया। परेड के दौरान करीब दो लाख लोगों ने हाथ में तिरंगा थाम रखा था। यह अमेरिका में आयोजित होने वाली सबसे बड़ी भारतीय परेड है। इस परेड का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआइए) द्वारा किया जाता है।


रंगबिरंगी झांकियां, मार्च करते बैंड और कन्वर्टिबल कारें मैनहटन स्थित मेडिसन एवन्यू के लिए जब निकली तो हजारों लोग अन्ना की जयजयकार करने लगे। मैनहटन की फिजाओं में 'अन्ना हजारे जिन्दाबाद' और 'भ्रष्टाचार हटाओ' के नारे गूंज उठे। हर मोड़ पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका अभिवादन किया। 76 वर्षीय अन्ना अमेरिका में अपना इतना जोरदार स्वागत देखकर अभिभूत नजर आए। वाहन में खड़े अन्ना ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। कुछ जगहों पर उनके वाहन को रोका भी गया जहां लोग उनसे हाथ मिलाने को बेताब दिखे। अन्ना की ओर तिरंगा लहराते हुए भारतीय अमेरिकियों ने जोर से चिल्ला कर कहा कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में उनके साथ हैं।
विद्या बालन को देखकर लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। अभिनेत्री ने कहा, 'इतना बढि़या और दिल को छू लेने वाला समारोह मैंने कभी नहीं देखा।' परेड में शामिल सैकड़ों लोगों ने तिरंगे के रंग वाले कपड़े और गांधी टोपी पहनी थी, जिस पर लिखा हुआ था, 'आइ एम फॉर अन्ना' यानी मैं अन्ना के लिए हूं। अन्ना के प्रति अमेरिकी लोगों में भी दीवानगी देखी गई। परेड में बड़ी संख्या में शामिल अमेरिकी अन्ना को देखने आए थे जिन्होंने महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के दौरान भारत सरकार को हिला दिया था।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए न्यूयॉर्क पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन में अन्ना और विद्या बालन के साथ भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख रिटायर्ड जनरल वीके सिंह, तमिल फिल्म स्टार सरथ कुमार और उनकी पत्नी राधिका, एफआइए अध्यक्ष संजय अमीन भी सवार थे।

No comments:

Post a Comment